उपायुक्त द्वारा मेले की तैयारियों एवं आयोजन की समीक्षा
बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला
Dnewsnetwork
सोलन ज़िला के बद्दी उपमंडल में 28 से 30 नवंबर, 2026 तक ज़िला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन तथा विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों को लेकर आज बद्दी में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता ज़िला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि रेडक्रॉस मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पीड़ित मानवता की सेवा, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस की मूल भावना मानव सेवा और परोपकार पर आधारित है तथा इस मेले के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक मज़बूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेले को जनकल्याण से जोड़ते हुए इसमें समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि रेडक्रॉस की गतिविधियों एवं उदेद्श्यों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
विधायक ने कहा कि रेडक्रॉस मेले का आरंभ एंटी-चिट्टा वाकथॉन से किया जाएगा ।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों से सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बैठक में मेले की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मेला का रैफल ड्रॉ 30 नवम्बर, 2026 को निकाला जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि लोग इनकी पूर्ण जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हो सकें। इस अवसर पर मेगा चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि मेले में तीनों दिन युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा स्कूली बच्चों की विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मेले में तीनों दिन आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं भी में हिमाचली, पंजाबी, भोजपुरी व स्थानीय कलाकारों को उचित स्थान दिया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर मेले को सफल बनाने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने बैठक के उपरान्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला मैदान का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अच्छर पाल कौशल, नगर निगम बद्दी के आयुक्त एवं बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चंदेल, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।














