Dnewsnetwork
सहायक आयुक्त डॉ. पूनम बंसल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में युवाओं के समग्र विकास एवं उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण करवाना नितांत आवश्यक है। डॉ. पूनम बंसल आज यहां नेहरू युवा केंद्र के सौजन्य से आयोजित युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की द्वितीय तिमाही बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
सहायक आयुक्त ने कहा कि आज के युग में युवाओं को तनाव प्रबंधन पर जागरूक एवं शिक्षित करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ ही गैर सरकारी संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से माय भारत के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने माय भारत से पंजीकृत युवाओं को विभिन्न पंचायतों में ग्रामीण स्तर पर भेज कर नशाबंदी तथा स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित आमजन को जागरूक करवाने के निर्देश दिए।
बैठक का प्रमुख केंद्र विकसित भारत यंग लीडर्स 2027 के अंतर्गत आयोजित ‘विकसित भारत क्विज’ रहा। यह क्विज माय भारत पोर्टल पर 17 अगस्त से 30 सितंबर, 2026 तक लाइव है और 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग ले सकते हैं। बैठक में अधिकारियों को क्विज के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
मेरा युवा भारत के ज़िला युवा अधिकारी भूपेंद्र सिंह गिल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिला सोलन में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न युवा कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि माय भारत के माध्यम से ज़िला के युवाओं को नेतृत्व विकास, स्वयंसेवा, कौशल विकास, राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़े अनेक अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
बैठक में ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. गगन, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिंदर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।














