DNN नाहन
नाहन में युवा कांग्रेस ने रविवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने कांग्रेस भवन नाहन से रोष रैली निकाली। यह रैली बड़ा चैक बाजार से दिल्ली गेट होते हुए वापिस कांग्रेस भवन में संपन्न हुई। युवा कांग्रेस ने सरकार को चेताया कि यदि जल्द महंगाई कम नहीं हुई तो युवा कांग्रेस न केवल उग्र आंदोलन करेगी, बल्कि विधानसभा का घेराव भी करने से पीछे नहीं हटेगी। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में केंद्र की मोदी व प्रदेश की जयराम सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मीडिया से बात करते हुए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विरेंद्र झाल्टा ने कहा कि 2014 में जब केंद्र में मोदी सरकार बनी थी, तो सरकार ने बहुत हुई महंगाई, अब की बार मोदी सरकार सलोगन का इस्तेमाल किया था। यूपीए सरकार में जब सिलेंडर 460 से 465 रूपए में मिलता था, भाजपाई सिलेंडर लेकर सड़कों पर धरने पर बैठ जाते थे, लेकिन मोदी सरकार में आज सिलेंडर 865 तक पहुंच गया है। पैट्रोल-डीजल के दामों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। पैट्रोल के दाम 100 के पार हो चुके हैं। जिलाध्यक्ष ने सवाल करते हुए कहा कि आज जब महंगाई इतनी बढ़ चुकी है, तो भाजपाई आज क्यों धरना प्रदर्शन नहीं करते। कोविड-19 में पहले ही लोगों की आर्थिक स्थिति बिगड़ चुकी है। उपर से मोदी सरकार महंगाई का गिफ्ट दे रही है। इसके विरोध में युवा कांग्रेस प्रदर्शन करेगी और आने वाले समय में यदि यह महंगाई कम नहीं होती, तो यूथ कांग्रेस पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी और हिमाचल विधानसभा का घेराव भी करेगी।
















