महिलाएं सदैव ही ममता, करूणा और त्याग की प्रतिमूर्ति – पम्मी

Himachal News

डीएनएन सोलन
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है तथा समाज में महिलाओं को बराबरी का हक उनका अधिकार है। परमजीत सिंह पम्मी आज सोलन में आयोजित जि़ला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व दीप प्रज्जवलित कर जि़ला स्तरीय समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि महिलाएं सदैव ही ममता, करूणा और त्याग की प्रतिमूर्ति रही हैं। महिलाएं जहां अपने परिवार का उत्थान सुनिश्चित बनाती हैं वहीं वे समाज में नैतिक मूल्यों एवं अवधारणाओं की स्थापना में भी सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में पुरूषों के समकक्ष बराबरी महिलाओं का अधिकार है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नवगठित प्रदेश सरकार न केवल महिलाओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए वचनबद्ध है अपितु महिला सशक्तिकरण की दिशा में नवीन योजनाएं कार्यान्वित करने की दिशा में भी अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि महिलाओं को किसी भी परिस्थिति में तुरंत सहायता मिले। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए ‘गुडि़या’ हेल्पलाइन तथा ‘शक्ति’ बटन ऐप आरंभ की गई है।
परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि गुडि़या हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए 1515 निःशुल्क टोल फ्री नंबर का उपयोग करना होगा। इस हेल्पलाइन पर महिलाओं की तरफ से किसी भी तरह के अपराध की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की तरफ से इस दिशा में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी 48 घंटे में ली जाएगी। उन्हांने कहा कि शक्ति बटन ऐप को मोबाइल पर डाउनलोड करने के बाद इसे इंटरनेट की सुविधा के बिना भी प्रयोग किया जा सकेगा।
उन्हांेने इस अवसर पर नेपाली नृत्य प्रस्तुत करने वाली चिल्ड्रन होम सुबाथु की लड़कियों को अपनी ऐच्छिक निधि से तीन हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

 


उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया।
उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने इस अवसर पर सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार तथा समाज की धुरी हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में महिलाओं को समाज में सम्मान तथा गर्व की दृष्टि से देखा जाता था। हमारे देश में महिलाएं न केवल अनेक शास्त्रों की रचयिता रही हैं अपितु नीति निर्धारण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के उपरांत हमारे देश में महिलाआंे ने सभी क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रसन्नता जताई की वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लड़कों से कहीं आगे हैं। सभी क्षेत्रों में लड़कियां सफलता का परचम लहरा रही हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। महिलाओं को समाज में उचित स्थान दिलवाने के लिए मानसिकता में बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में राष्ट्रीय पोषाहार मिशन का शुभारंभ भी कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के सोलन, शिमला, हमीरपुर और चंबा जिलों को इस मिशन में शामिल किया गया है।

News Archives

Latest News