DNN कुल्लू
14 जुलाई। जिला कुल्लू के उपमंडल आनी मे भीम डवारी के पास भारी बारिश के चलते नाले में बाढ़ आ गई। वही बाढ़ आने से दो वाहनों को भी नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने फिलहाल श्रीखंड यात्रा को रोक दिया है और जैसे ही मौसम साफ होता है, उसके बाद श्रीखंड यात्रा को शुरू कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार बीती रात से ही उपमंडल आनी में भारी बारिश हो रही थी, जिसके चलते उपमंडल आनी में भीम डवारी के पास नाले में बाढ़ आने से हालात बिगड़ गए। पानी के कारण सड़क किनारे खड़े कई वाहन भी बह गए हैं। ऐसे में प्रशासन ने फिलहाल यात्रा रोक दी है। डीएसपी आनी रविन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि रात को हुई बारिश के बाद नाले में बाढ़ व मलबा आ गया। इस कारण श्रीखंड यात्रियों को भीम डवारी में रोक दिया गया है। पार्वती बाग से रेस्क्यू टीमों को भीम डवारी बुलाया गया है। वहीं नाले में आए पानी और मलबे की चपेट में आकर ठारला मोड़ पर खड़ी यात्रियों की दो गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के कारण ठारला की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने का अभी तक कोई समाचार नहीं है। उन्होंने बताया कि नाले में पानी का बहाव कम हो जाने पर यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा। अभी फिलहाल मौसम साफ है।















