– जेठना के जंगल में एसटी लाइन की मरम्मत कर रहा था बिजली कर्मचारी, बिजली सप्लाई बंद किए बिना काम करवाने में लापरवाही का आरोप
Dnewsnetwork
सोलन, 9 अक्टूबर : सोलन जिले के कंडाघाट क्षेत्र में बिजली की लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली विभाग के एक सहायक लाइनमैन (एएलएम) की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रवीण सिंह के रूप में हुई है। यह हादसा जेठना गांव के पास जंगल में हुआ। पुलिस ने इस मामले में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि शुरूआती जांच में पुलिस को जडयाल गांव निवासी विशाल ठाकुर ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात जडयाल और जेठना सहित आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित थी। 8 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे जडयाल में बिजली बहाल हो गई थी, जबकि जेठना गांव में बिजली नहीं आई थी। इसी दौरान बिजली विभाग के जेई आशीष सिंह और सहायक लाइनमैन प्रवीण सिंह बिजली की लाइन की मरम्मत करने के लिए जेठना की ओर गए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार सुबह करीब 10 बजे जडयाल निवासी नवल किशोर ने फोन कर सूचना दी कि जेठना के पास बिजली की लाइन की मरम्मत करते समय प्रवीण सिंह को करंट लग गया है। सूचना मिलते ही विशाल ठाकुर मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने प्रवीण सिंह को हाईटेंशन लाइन के खंभे के नीचे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। करंट लगने के कारण उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया था। मौके पर जेई आशीष सिंह भी मौजूद थे।
इसके बाद विशाल ठाकुर, नवल किशोर, सुखराम, विनोद और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रवीण सिंह को सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिजली की सप्लाई बंद किए बिना लाइन की मरम्मत का कार्य करवाया गया, जिसके कारण प्रवीण सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने इस घटना के लिए जेई की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है।














