DNN राजगढ़
नेपाली मूल की एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग का अपहरण करने वाले नेपाली युवक को जिला किन्नौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को परिजनों को सौंप दिया है। जबकि, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक यशवंत नगर पुलिस चौकी के तहत एक नाबालिग नेपाली लड़की को 24 वर्षीय नेपाली युवक भगाकर ले गया था। लिहाजा, लड़की के पिता ने इसकी प्राथमिकी यशवंत नगर चौकी में करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की मदद से युवक के फोन की डिटेल हासिल की। पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए किन्नौर में युवक और लड़की को खोजने की मुहिम चलाई। चौकी प्रभारी चेतन चौहान और मुख्य आरक्षी विकास ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस दल ने बरसात के मौसम में अपनी जान जोखिम में डालकर करीब दो किलोमीटर दुर्गम क्षेत्र में पैदल चलकर जिला किन्नौर के रारंग गांव से लड़की और आरोपी युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की। मामले की पुष्टि डीएसपी भीष्म ठाकुर ने की। कहा कि पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 363 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।














