DNN सोलन
सोलन (Solan) जिला के धर्मपुर ( Dharampur) में डंगा लगाने के लिए खोदी गई नींव में भूस्खलन से मलबा गिरने के कारण दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे के नीचे दबा है। जिसे निकालने का कार्य किया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद डीसी व एसपी सोलन मौके के लिए रवाना हो गए हैं। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 2 शवों को निकाल दिया गया है। जबकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे के नीचे दबा है जिसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार धर्मपुर के भेड़े का खेच में एक निजी स्कूल की बिल्डिंग बनाने का कार्य चल रहा था, जिसके लिए डंगा लगाने के लिए खोदी गई नींव में भूस्खलन से मलबा गिर गया । जिसके कारण निर्माण कार्य में लगे 3 लोग इसके नीचे दब गए। घटना के बाद तुरंत ही आसपास मौजूद लोगों व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबे के नीचे लोगों को ढूंढने का कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीन की सहायता से मलवा हटाने का कार्य शुरू हुआ और कुछ देर बाद मलबे के नीचे से 2 लोगों को निकालने में कामयाबी हासिल हुई लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं तीसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है। यह व्यक्ति मलबे के नीचे ही कहीं दबा है। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीसरे व्यक्ति को निकालने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना में 2 लोगों की मौत हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















