दो अलग-अलग मामलों में 577 पैकेट सहित बड़ी खेप पकड़ी, बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों पर मामला दर्ज
Dnewsnetwork
दीपावली के त्योहार को देखते हुए शिमला पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत जिला पुलिस ने रोहड़ू और ठियोग में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचनाएं मिली थीं कि रोहड़ू और ठियोग क्षेत्र में कुछ लोग बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहे हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि पहले मामले में 2 नवंबर को रोहड़ू बाजार में गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अपर बाजार निवासी अजय कुमार गुप्ता अपनी दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने दुकान की तलाशी ली तो वहां से पटाखों के 577 पैकेट से भरे छह गत्ते के कार्टन बरामद हुए। आरोपी पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस चौकी फागू की टीम को चेओग बस स्टैंड पर गश्त के दौरान सूचना मिली कि चेओग निवासी ओम प्रकाश (38) अपने स्टोर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए है। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्टोर की तलाशी ली। इस दौरान स्टोर के तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टन से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए। यहां भी आरोपी पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट नहीं दिखा सका।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 119/2026 तथा पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 164/2026 दर्ज किया है। दोनों मामले भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 288 तथा विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं और आगामी अन्वेषण जारी है।
एसएसपी ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर जिला पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि पटाखों की खरीद केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।














