चनालमाजरा के तालाब में मिला लापता व्यक्ति का शव, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की धारा में जांच शुरू

Baddi + Doon Crime

DNEWSNETWORK
बद्दी (Baddi)। मानपुरा थाना क्षेत्र के चनालमाजरा में 28 सितंबर से लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव बुधवार को एक छोटे तालाब से बरामद हुआ। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, उमेश कुमार पुत्र लक्ष्मण महतो निवासी बिहार, हाल निवासी चनालमाजरा ने 30 सितंबर को थाना मानपुरा में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका भाई मुकेश कुमार 28 सितंबर की शाम कुछ साथियों के साथ गया था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 127(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
तलाश अभियान के दौरान पुलिस टीम को चनालमाजरा क्षेत्र स्थित एक छोटे तालाब में मुकेश कुमार का शव मिला। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई उमेश कुमार ने शव की पहचान की। पुलिस के प्रारंभिक निरीक्षण में शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद मामले में धारा 103 BNS भी जोड़ी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। वहीं, SFSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां विशेषज्ञों ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर उन्हें सुरक्षित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच और पुलिस कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Latest News