DNN बिलासपुर
13 जुलाई विकासखंड झंडुत्ता में तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय झंडुत्ता के सौजन्य से ग्राम पंचायत डमली , घन्ड़ीर , झबोला में नशा निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तहसील कल्याण अधिकारी झंडुत्ता कमल कांत ने नशा निवारण पर जानकारी देते हुए बताया कि समाज में नशे की बढती प्रवृति पर लगाम लगाने के लिए सभी वर्गाे को आपसी सहयोग की आवश्यकता है । उन्होंने समाज के सभी वर्गाे से आग्रह किया कि वे नशे पर लगाम लगाने के लिए नशे में लिप्त युवाओ को इसकी बुराइयों से अवगत करवाये , ताकि इससे शरीर ,परिवार ,समाज व देश पर पड़ने वाले दुष्प्रभावो की जानकारी देकर उन्हें नशे के चुंगल से बचाने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने पंचायत के प्रतिनिधियों तथा महिला मंडलों से बरसात के समय उग रहे भांग के पौधों को नष्ट करने का आग्रह किया ताकि पंचायत को नशा मुक्त किया जा सके ।
उन्होंने गृह निर्माण अनुदान योजना की जानकारी देते हुए बताया की अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र लोगों को गृह निर्माण हेतु सरकार द्वारा अनुदान प्रदान किया जाता है तथा इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 1 लाख 50 हजार रु की राशि प्रदान की जा रही है ।
उन्होंने समाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आय सीमा की शर्त हटा दिया दी है। ऐसे वृद्ध जिनकी आयु 60 साल या इससे अधिक हो, को बिना किसी आय सीमा के प्रतिमाह 1000 रूपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है । पेंशन के लिए वही वृद्ध दम्पति पात्र है जिनको सरकारी विभाग से किसी प्रकार पेंशन नही मिलती हो तथा आयकर दाता न हो । सवर्ण जयंती नारी संबल योजना में महिलाओं को प्रतिमाह 1150 रूपये पेंशन प्रदान की जा रही है । 70 प्रतिशत से अधिक विकलांग व्यक्तियों तथा 70 वर्ष से ऊपर आयु के व्यक्तियों को प्रदेश सरकार 1700 रुपये प्रति माह सामाजिक सुरक्षा पेंशन दे रही है । 40 से 69 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्तियों को आय प्रमाण पत्र अनिवार्य है । इन्हें 1150 रुपये समाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है ।
अनुवर्ती योजना के अंतर्गत सिलाई मशीन के लिए 5 हजार रु अनुदान प्रदान किया जा रहा है ।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान बंदना कुमारी, ग्राम पंचायत उपप्रधान यशवनी नड्डा, वार्ड सदस्य प्यार सिंह धुविन्द्र सिंह, विमला देवी अंजना देवी, अंजू देवी उपस्थित थी ।















