DNN मंडी
15 जुलाई । मंडी जिला में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा ई-केवाईसी का कार्य आरंभ कर दिया गया है । यह जानकारी जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंडी लक्ष्मण सिंह कनेट ने दी ।
उन्होंने बताया कि जिला मंडी में 3,17,493 राशनकार्ड हैं, जिनकी कुल सदस्य संख्या 11,00,108 है, जिनमें से अब तक 5,50,791 लाभार्थियों द्वारा सफल रूप से ई-केवाईसी करवा ली गई है । उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी एक साधारण प्रक्रिया है, जिससे लाभार्थी राशनकार्ड डाटा का अन्य योजनाओं में भी सुगमता से उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जब उपभोक्ता राशन लेने उचित मूल्य की दुकान में जायेगें, उसी समय उनकी इ-केवाईसी दुकानधारक द्वारा कर दी जायेगी । उन्होंने बताया कि राशनकार्ड में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य को उचित मूल्य की दुकान में जाना होगा, जिसके लिए उपभोक्ता के पास राशनकार्ड संख्या या आधार कार्ड संख्या होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवंश इ-केवाईसी नहीं होती है तो उपभोक्ता को ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिव व शहरी क्षेत्र में निरीक्षक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के कार्यालय में अपनी आधार संख्या या राशनकार्ड लेकर जाना होगा । यदि आधार संख्या गलत है तो राशनकार्ड डाटाबेस मे ंआधार संख्या ठीक करनी होगी । यदि आधार संख्या सही है फिर भी इ-केवाईसी नहीं हो रही है तो आधार में इ-केवाईसी अपडेट करनी होगी ।
उन्होंने जिला के सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे परिवार के सभी सदस्यों सहित समीप की उचित मूल्य की दुकान में जाकर इ-केवाईसी की प्रक्रिया को पूर्ण करवाएं ।














