हिमाचल सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को क्या दिया उपहार…

Kangra Politics
 DNN धर्मशाला
हिमाचल सरकार ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देवभूमि हिमाचल के प्रतिष्ठित स्थलों के दर्शन करवाने के लिए देव भूमि दर्शन योजना आरंभ की है। इसके तहत प्रदेश के 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को प्रसिद्ध स्थलों एवं मंदिरों का भ्रमण करवाया जाएगा। योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए बेहतर एवं उत्तम परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रदेश का भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग इस योजना के क्रियान्वयन का जिम्मा देख रहा है।
    जिला भाषा अधिकारी कांगड़ा सुरेश राणा ने इस बारे जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने देव भूमि दर्शन योजना के जरिये वरिष्ठ नागरिकों को अकेलेपन एवं सामाजिक अलगाव से बचाने के लिए नई पहल की है। ऐसे वरिष्ठ व्यक्ति जो वित्तीय बाधाओं व सुविधाओं के अभाव के कारण अथवा अकेले होने के कारण कई बार ऐसी यात्रा करने में असमर्थ रहते हैं, उन्हें इस योजना से सुविधा होगी। सुरेश राणा ने बताया कि देव भूमि दर्शन योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा हेतु 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को भ्रमण की यह सुविधा निशुल्क प्रदान की जाएगी। इसके लिए जिला भाषा अधिकारी के कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की वेबसाईट पर भी ऑन लाईन आवेदन कर सकते हैं।

News Archives

Latest News