DNN शिमला
16 मई । जिला शिमला के रामपुर बुशहर के अंतर्गत चिट्टा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर बाद मुख्य रामपुर के कल्याणपुर में पुलिस ने तीन व्यक्तियों से करीब 64 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसडीपीओ रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आज सोमवार दोपहर पुलिस चौकी रामपुर के एएसआई लाल चंद की अगुवाई में पुलिस दल गश्त पर था।
इस दौरान रामपुर के कल्याणपुर मोड़ के समीप आल्टो कार एचपी-06बी-3536 में सवार तीन व्यक्तियों को पूछताछ के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 64.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय मयूर वर्मा निवासी रामपुर, 20 वर्षीय आर्यन पुत्र दलीप सिंह गांव शाह डाकघर दोफदा तहसील रामपुर व 44 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र स्व किसम राम गांव ब्रो डाकघर रामपुर के तौर पर हुई है। तीनों आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।














