हिमाचल में 461 कैदियों को मिलेगी आजादी जानिए क्यों

Crime Himachal News

डीएनएन शिमला
हिमाचल की विभिन्न जेलों में सजा काट रहे 461 कैदी गणतंत्र दिवस पर आजाद होंगे। सरकार ने प्रदेश की विभिन्न जेलों में सजायाफ्ता 461 कैदियों को विशेष सजा माफी देने की घोषणा की है। कैदियों के अच्छे आचरण एवं व्यवहार को देखते हुए सरकार ने बंदियों की सजामाफी का निर्णय लिया है। इसके तहत 10 वर्ष से अधिक कारावास की सजा काट रहे कैदियों को सजा पूरी होने से 45 दिन पहले रिहा किया जाएगा। इसी तरह 5 वर्ष से अधिक व 10 वर्ष तक के कारावास की सजा काट रहे कैदियों को 30 दिन, 3 वर्ष से अधिक और 5 साल तक के कारावास की सजा काट रहे कैदियों को 21 दिन, 1 साल से अधिक और 3 साल तक के कारावास की सजा काट रहे बंदियों को 15 दिन तथा 3 महीने से अधिक और 1 साल तक के कारावास की सजा काट रहे कैदियों को 7 दिन पहले रिहा किया जाएगा। सरकार की उक्त घोषणा से 2 बंदी गणतंत्र दिवस पर सजा पूरी होने पर तत्काल रिहा हो जाएंगे। हिमाचल की जेलों में 922 सजायाफ्ता कैदी हैं। इनमें से 461 को ही सजा माफी के लिए पात्र पाया गया है। कंडा जेल में 237 सजायाफ्ता कैदी बंद हैं। इनमें से 133 को सजा माफी मिली है। इसी तरह नाहन जेल में 374 में से 147, धर्मशाला जेल के 133 कैदियों में से 84, चम्बा जेल के 62 में से 10, बिलासपुर जेल के 50 में से 46, हमीरपुर जेल के 5 में से 4, ऊना जेल के 6 में से 3, सोलन जेल के 11 में से 11, कैथू जेल के 21 में से 14, मंडी जेल के 21 में से 7 तथा नुरपूर जेल में बंद दोनों सजायाफ्ता कैदियों को विशेष सजा माफी मिली है।

News Archives

Latest News