हिमाचल पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने, 24 घंटे के भीतर गुमशुदा व्यक्ति को परिजनों से मिलवाया

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

18 मई । हिमाचल पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में इन दिनों पुलिस विवादों का सामना कर रही है, लेकिन पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी होता है, जिसका एक उदाहरण सिरमौर जिला पुलिस ने भी पेश किया है। यहां की पच्छाद पुलिस ने मानसिक रूप से परेशान एक व्यक्ति को महज 24 घंटे में ही उसके परिजनों से मिलवाने में सफलता हासिल की।
दरअसल पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने यूपी के सहारनपुर के दुधगड़ गांव के निवासी शराफत को सही सलामत उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। शराफत के भाई उसे थाना में लेने पहुंचे थे। रात्रि के समय जामुन की सेर पंचायत के उपप्रधान ने इस संबंध में पच्छाद पुलिस थाना को सूचना दी थी कि एक संदिग्ध अवस्था में व्यक्ति क्षेत्र में घुमकर खाना मांग रहा है। इस पर थाना के एसएचओ बलदेव सिंह तुरंत हरकत में आए और उन्होंने पुलिस टीम जामुन की सेर पंचायत में भेजी। मानसिक रूप से परेशान उक्त व्यक्ति को पुलिस टीम थाना लेकर पहुंची। साथ ही उसका मेडिकल करवाया।
पच्छाद पुलिस थाना के एसएचओ बलदेव सिंह ने बताया कि व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान होने की वजह से अपना सही पता नहीं बता पा रहा था। दुधगड़ नाम का जब उससे पता चला तो उन्होंने नेट पर सर्च के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के नाम को सर्च कर वहां की पुलिस से संपर्क किया। साथ ही उक्त व्यक्ति की फोटो भी भेजी। एसएचओ ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे के भीतर वहां की पुलिस ने संपर्क किया और गुमशुदा व्यक्ति के पिता से बात करवाई। इसके बाद शराफत के भाई थाना में पहुंचे और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बाइट: बलदेव सिंह, एसएचओ, पच्छाद
वहीं शराफत के परिजनों सहित उसके भाईयों ने पच्छाद पुलिस की सराहना करते हुए उनके इस नेक कार्य के लिए तहदिल से आभार व्यक्त किया।

News Archives

Latest News