DNN सोलन
आगामी लोकसभा चुनाव-2019 के दृष्टिगत एक बैठक परवाणू में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला सोलन तथा सिरमौर के अलावा पंजाब के जिला रूपनगर तथा हरियाणा के जिला पंचकूला के पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि सोलन जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 13 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील तथा 9 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस सोलन के अंतर्गत 7 तथा जिला पुलिस बद्दी के अंतर्गत 16 अंतरराज्यीय पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं जहां पर प्रदेश पुलिस व सीमावर्ती राज्यों की पुलिस के सहयोग से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए सभी आवश्यक पग उठाए गए हैं।
विनोद कुमार ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों पर विशेष कार्यबल के द्वारा दिन-रात सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा है जिसके लिए आठ टीमें गठित की गई है।
बैठक में हिमाचल, पंजाब तथा हरियाणा के विभिन्न जिलों से पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने चुनावों के दृष्टिगत हर संभव समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त सिरमौर ललित जैन, उपायुक्त पंचकूला डॉ. बलकार सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन विवेक चंदेल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोलन, मधुसूदन शर्मा, पुलिस अधीक्षक रूपनगर जगजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी बीबीएन वरूण कटोच तथा हिमांशु आर पंवर उपस्थित थे।















