हर जिले में होंगी CYBER CRIME जागरूकता कार्यशालाएं

Nalagarh Others

DNN नालागढ़
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेज़ी ठाकुर ने कहा कि आयोग साइबर क्राईम के विषय में महिलाओं को जागरूक बनाने के उद्देश्य से निकट भविष्य में सभी जिलों में जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करेगा। डाॅ. डेज़ी ठाकुर सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के नालागढ़ में महिलाओं के लिए आयोजित विधिक जागरूकता शिविर की अध्यक्षता कर रही थीं। इस शिविर का आयोजन राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से किया गया।

डा. डेज़ी ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में विशेषकर महिलाओं के विरूद्ध साइबर क्राईम में काफी वृद्धि हुई है। इस दिशा में महिलाओं एवं लड़कियों को जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राईम का दायरा काफी विस्तृत है और सचेत रहकर एवं इस संबंध में शीघ्र जानकारी देकर बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पुलिस प्रशासन से भी सहयोग अपेक्षित है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हमारे संविधान में पुरूषों और महिलाओं को बराबरी का अधिकार है। भारतीय संस्कृति में भी पुरूष और महिला बराबर है। उन्होंने कहा कि संविधान में महिला हित में अनेक कानून बनाए गए हैं। इस दिशा में महिलाओं की कम जानकारी अनेक बार समस्याओं का कारण बनती हैं। इन शिविरों के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को महिला कानून के विषय में जागरूक बनाना है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में गंभीर है और राज्य महिला आयोग पूरे प्रदेश में जागरूकता शिविर आयोजित कर न केवल महिलाओं को उनके हित से संबंधित कानून की जानकारी देगा अपितु समस्या की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के विषय में भी बताएगा।
डाॅ. डेज़ी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं और पुरूषों की बराबरी के संबंध में समाज को भी सकारात्मक रवैया अपनाना होगा। लड़कों को भी कठोर अनुशासन में रहना सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में आ रही कमी और लिंगभेद को समाप्त करने में समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

News Archives

Latest News