DNN सोलन
प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने छात्रों का आह्वान किया कि वे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में लोगों को जागरूक बनाने में अग्रदूत की भूमिका निभाएं। पुरुषोत्तम गुलेरिया आज यहां राज्य स्तरीय सुरक्षा अभियान के तहत जिला स्तरीय सुरक्षा जागरूकता समारोह कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर सभी को सड़क सुरक्षा के संबंध में शपथ भी दिलवाई।
पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि बहुमूल्य मानव जीवन की क्षति में सड़क दुर्घटनाएं सबसे बड़ा कारक बन कर उभरी हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना डाटा प्रबंधन प्रणाली के अनुसार वर्ष 2009 से वर्ष 2018 के मध्य केवल हिमाचल प्रदेश में ही 30993 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस समयावधि में इन दुर्घटनाओं में हिमाचल प्रदेश में 11561 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है और 53909 व्यक्ति घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध डाटा के अनुसार लगभग 94 प्रतिशत दुर्घटनाओं में मुख्य कारण मानवीय भूल है।
लड़कों की 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की श्रेणी में राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन के पारस प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठों के शयाम द्वितीय तथा गीता आदर्श विद्यालय के साहिल तृतीय स्थान पर रहे। लड़कियों की इसी श्रेणी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठों की कोमल पहले, सेंट लयुक्स स्कूल सोलन की रिया दूसरे तथा इसी स्कूल की धृति तीसरे स्थान पर रही। लड़कों की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की श्रेणी में कोचिंग केंद्र सोलन के दीपक पहले, गीता आदर्श विद्यालय के तुषार दूसरे तथा राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पवन तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों की इसी श्रेणी में कोचिंग केंद्र सोलन की मीना पहले, आशिमा दूसरे तथा पारुल तीसरे स्थान पर रही। 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 3 किलोमीटर की श्रेणी में भीष्म देव प्रथम, अशोक नेगी द्वितीय तथा सुरेंद्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी श्रेणी के 6 किलोमीटर वर्ग में हरीश पहले डाॅ. शिवकुमार दूसरे तथा राकेश तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य प्रताप ठाकुर ने अंडर 15 वर्ग में प्रथम रहे पारस को अपनी ओर से 1100 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन विवेक चैहान में सभी का स्वागत किया और सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग सोलन, एमआरए डीएवी स्कूल तथा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल सोलन द्वारा सड़क सुरक्षा के विषय में लोगों को जागरूक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।















