DNN आनी (चमन)
सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से महरूम रूष्ट ग्रामीणों ने अपनी मांग को मनमाने के लिए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर नेशनल हाईवे को ही जाम कर डाला। आनी खण्ड की मुहान पंचायत के मनीनवी-ठारवी सड़क को जल्द बनाने की मांग को लेकर यहां के ग्रामीणों ने आनी-लूहरी नेशनल हाईवे पर नगान के पास शुक्रवार को करीब एक घंटा सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर डाला। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों द्वारा बनाई गई संघर्ष समिति के अध्यक्ष खेमचन्द की अगुवाई में सुबह पौने ग्यारह बजे से करीब पौने बारह बजे तक चक्का जाम कर नेशनल हाईवे पर बैठ कर वाहनों के पहियों में ब्रेक लगवा दी। हालांकि इससे पूर्व ही ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन को अगाह भी कर दिया था कि वे निर्धारित समय में नगान के पास अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठंगे। करीब 6 किमी इस सड़क के निर्माण के बाद यहां की दूरदराज पंचायत मुहान के मनीनवी और ठारवी के सैंकड़ों ग्रामीणों को सड़क का लाभ मिलेगा। सूचना के आधार पर आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरीलाल सागर ने नगान पर पहुंचकर ग्रामीणों को जल्द सड़क बनाने का आश्वासन दिया और धरने पर विराम लगा दिया। विधायक किशोरीलाल ने कहा कि वे इस सड़क की फोरेस्ट क्लीयरेंस के लिए बजट में 35 लाख का प्रावधान रखेंगे। सड़क की डीपीआर जल्द बनाने के लिए लोकनिर्माण विभाग को आदेश जारी किए गए हैं। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि चुनाव पूर्व सड़क की डीपीआर और फोरेस्ट क्लीयरेंस के लिए पड़ने वाले बजट का 35 लाख जमा न किया तो ग्रामीण लोकसभा चुनाव का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे।
















