DNN कांगड़ा
जिलाधीश कांगड़ा संदीप कुमार ने कांगड़ा जिला के पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के मामलों के बारे में दी गई जानकारी सांझा करते हुए बताया वर्ष 2015 से 30 जून, 2018 तक कांगड़ा जिला में दुपहिया वाहनों की 722 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 175 लोगों की मृत्यु हो गई और 919 लोग घायल हुए।
उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा चिंताजनक है और परेशान करने के साथ साथ सोचने पर मजबूर करने वाला है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला प्रशासन सड़क पर लोगों की सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है। जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को निरंतर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को सड़क नियम-कानून का सबक सिखाने के लिए जिला में ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ का नियम भी लागू किया गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट के चलने वाले दुपहिया वाहन सवारों को पेट्रोल न देने के आदेश जारी किए गए हैं।इस नियम का सख्ती से पालन करना तय किया गया है।
संदीप कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अलावा उपमंडलाधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन से भी सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई को कहा गया है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों की पालना को लेकर सहयोग की अपील की है।