स्व. डाॅ. परमार ने सादा जीवन उच्च विचार को चरितार्थ किया – डाॅ. शांडिल

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

4 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. डाॅ. यशवंत सिंह परमार ने सदैव ‘सादा जीवन उच्च विचार’ को चरितार्थ किया और विकसित  हिमाचल की नींव रखी। डाॅ. शांडिल आज सोलन में हिमाचल निर्माण स्व. डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 117वीं जयंती पर जन-जन की ओर से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरांत सिरमौर कल्याण मंच द्वारा डाॅ. परमार की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि स्व. डाॅ. परमार ने अपने बाल्यकाल से क्षेत्रवासियों के संघर्ष और पहाड़ी जीवन की कठिनाइयों को समीप से देखा। उन्होंने इन परेशानियों को सदैव याद रखा और अनवरत संघर्ष के उपरांत हिमाचल के गठन के साथ इन समस्याओं को दूर करने का सपना देखा। उन्होंने कहा कि स्व. डाॅ. परमार ने हिमाचल के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी सदैव सादा जीवन जिया। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में भी स्व. डाॅ. परमार बसों में यात्रा करते थे और आम आदमी के जीवन की कठिनाइयों को समझ कर उन्हें दूर करने का प्रयास करते थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डाॅ. परमार की सोच दूरगामी और व्यक्तित्व जादुई था। उनके दिखाए मार्ग को अपनाकर ही आज हिमाचल देश में विकास का सिरमौर बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि स्व. डाॅ. परमार के उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे सभी महानुभावों ने हिमाचल के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल निर्माता की सोच को अपनाकर समृद्ध हिमाचल की परिकल्पना साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।
उन्होंने इस कार्यक्रम के निरंतर आयोजन के लिए सिरमौर कल्याण मंच की सराहना की।
डाॅ. शांडिल ने सिरमौर कल्याण मंच को भवन निर्माण के लिए 02 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
सिरमौर कल्याण मंच की ओर से इस अवसर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये तथा आर.वी.एन प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटिड के निदेशक रवि मदान द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 25 हजार रुपये का चेक भेंट किया गया।
आर.वी.एन प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटिड द्वारा सिरमौर कल्याण मंच को रक्त दान शिविर के लिए 25 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आयोजित रक्त दान शिविर में 62 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष बलदेव चैहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कौड़ा, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, स्व. डाॅ. परमार के पौत्र आनन्द परमार, पडपौत्र यशस्वी सिंह परमार, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, नगर निगर सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अमित रंजन, सिरमौर कल्याण मंच के उपाध्यक्ष पदम पुण्डीर, राम गोपाल शर्मा, महासचिव अजय कंवर, सचिव प्रदीप ममगई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कंवर, शिव कुमार सहित अन्य सदस्य, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

News Archives

Latest News