स्टेट चैंपियनशिप उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच: अनुराग सिंह ठाकुर

Baddi + Doon Himachal News Others Politics Sports

हमारा लक्ष्य, खेलों में निवेश बढ़े, खिलाड़ियों को आर्थिक लाभ मिले: अनुराग सिंह ठाकुर

कुड़ावाला में 63वीं राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, अनुराग सिंह ठाकुर ने किया उद्घाटन, 32 टीमों ने दिखाया दम

Dnewsnetwork

14 नवम्बर

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज बद्दी के बरोटीवाला क्षेत्र के गांव कुड़ावाला में 63वीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया। बद्दी पहुंचने पर दून व नालागढ़ मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर का जोरदार स्वागत किया। इसके अतिरिक्त अनुराग सिंह ठाकुर ने ऊना व हमीरपुर में सरदार@150 यूनिटी मार्च में हिस्सा लेकर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के देश निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।
तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में महिला व पुरुष वर्ग की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। खेल मैदान में उमड़े उत्साह के बीच अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य स्तरीय सीनियर मेन्स एंड वुमेंस चैंपियनशिप प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर देती है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल की खेल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा तो दिया जा रहा है, लेकिन आज तक अनेक खेलों के लिए कोच तक नियुक्त नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार कोचों की नियुक्ति नहीं कर पा रही है, तो हिमाचल ओलंपिक संघ आगे आएगा। संघ ने निर्णय लिया है कि आठ प्रमुख खेलों के लिए कोचों की नियुक्ति स्वयं की जाएगी। योजना के पहले चरण में 20 कोचों की नियुक्ति की जाएगी और इसके बाद दूसरे चरण में 100 कोच और नियुक्त किए जाएंगे ताकि हिमाचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। उद्घाटन समारोह में वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर और हिमाचल प्रदेश राज्य वॉलीबॉल संघ के महासचिव मदन राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन को सुझाव दिया कि जिस तरह राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल गेम्स आयोजित होते हैं, उसी तर्ज पर प्रदेश में भी हिमाचल स्टेट गेम्स शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे पूरे प्रदेश में खेलों का माहौल बनेगा और खिलाड़ियों को नियमों के तहत नौकरी व अन्य लाभ सुनिश्चित होंगे।

News Archives

Latest News