DNN सोलन
कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए सोलन व सिरमौर से सीआरआई कसौली भेजे गए सभी सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह जानकारी जिला चिकित्सा अधिकारी एनके गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि सोलन जिला से 36 लोगों व सिरमौर जिला से 9 लोगों के कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए सैंपल भेजे गए थे जिन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
उन्होंने कहा कि गत दिवस कोरोना वायरस संक्रमण जांच के लिए सीआरआई कसौली भेजे गए सभी 80 रक्त नमूनांे की जांच रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि गत दिवस सोलन जिला के बद्दी व झाड़माजरी में एक्टिव केस फाइडिंग अभियान के द्वितीय चरण के तहत 18 टीमों द्वारा व्यक्तियों की घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित बनाई गई। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कोरोना वायरस संक्रमण का शुरूआती दौर में पता लगाकर बीमारी को बढ़ने से रोकना है। इन टीमों द्वारा 1009 परिवारों के 3582 व्यक्तियों की जांच की गई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोलन जिला में 747 व्यक्तियों को घर पर स्वास्थ्य निगरानी में रखा गया है।
डॉ. एनके गुप्ता ने आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुखाम, सांस में दिक्कत जैसी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है तो उसे समीप के स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र अपनी जांच करवानी चाहिए।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 को नियन्त्रित करने के लिए सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा और यह सुनिश्चित बनाना होगा कि चिकित्सालयों तथा घर पर आने वाली स्वास्थ्य टीमों को सही जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर जाएं तथा बिना मास्क के घर से बाहर न निकलेें और सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस सम्बन्ध में किसी भी सहायता के लिए हैल्पलाईन नम्बर 104 तथा दूरभाष नम्बर 221234 पर सम्पर्क किया जा सकता है।















