सोलन जिला में अब रैट के माध्यम से भी होंगे कोविड टेस्ट, 15 से 30 मिनट में मिलेगी कोविड रिपोर्ट

Himachal News Others Solan
DNN ब्यूरो सोलन (आदित्य सोफत)
11 सितंबर। जिला सोलन में कोरोना वायरस के टेस्ट अब रैट (रैपिड एंटीजन टेस्ट किट) के जरिए भी किए जाएंगे। रैट के जरिए होने वाले टेस्ट से मरीजों को 15 से 30 मिनट के भीतर कोविड-19 की रिपोर्ट मिल जाएगी। इसके  लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन सहित जिला के विभिन्न जगहों पर सेंटर बनाए जाएंगे। जहां पर टेक्नीशियन, डेटा ऑपरेटर का स्टाफ तैनात किया जाएगा। रैट के जरिए होने वाले टेस्ट से जहां तुरन्त स्वास्थ्य विभाग को कोविड मरीज का पता लगा सकेगी। वहीं मरीज का इलाज भी जल्दी शुरू किया जा सकेगा। बताया जा रहा है कि रैट के माध्यम से माइड पेशेंट यानि आईएलआई, ए सिंटोमेटिक, ट्रेवलर्स, प्राथमिक सम्पर्क में आने वाले लोगों के टेस्ट किए जाएंगे।
गौरतलब हो कि जिला भर अभी तक कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सभी प्रकार के सैम्पल केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली भेजे जा रहे थे। इसके पश्चात हिमाचल प्रदेश सरकार ने जिला के क्षेत्रीय अस्पताल सोलन व नालागढ़ अस्पताल में ट्रुनेट कोविड टेस्ट मशीन को लगाया है। जहां पर अस्पताल में भर्ती व ऑपरेशन किए जाने वाले मरीजों के कोविड टेस्ट किए जाते है। इन ट्रुनेट कोविड टेस्ट मशीन में लगभग एक घण्टे के भीतर रिपोर्ट मिल जाती है, लेकिन अब रैट के जरिए भी जिला भर में टेस्ट शुरू किए गए है। इसके जरिए लगभग 15 से 30 मिनट में कोविड रिपोर्ट मिल सकेगी।
बता दें कि जिला में बढ़ते कोरोना के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग तेजी से विभिन्न जगहों पर सैम्पलिंग कर रहा है। जिला भर से रोजाना लगभग 300 से 400 के बीच सैम्पल ले रही है।
क्या है रैट
कोरोना वायरस जांच के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट को लेकर एक किट बनाई गई है। इस जांच के लिए न ही लैब और न ही मशीन की जरूरत होगी। एक ऐसा टेस्ट किट है, जो ऑन द स्पॉट कोविड जांच करने में सक्षम है। बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले में टेस्टिंग को और तेज करने के लिए किट के जरिए जांच शुरू की गई है।
कैसे होगी इस किट से जांच
इस टेस्ट के लिए नाक में एक पतली से नली से सैंपल लिया जाता है। नाक से लिए गए उस लिक्विड को टेस्ट किट में डाला जाता है। ये किट थोड़ी ही देर में बता देती है कि जिसका सैंपल डाला गया है वो कोरोना वायरस से संक्रमित है या नहीं। ये किट उसी तरह होती है, जैसे प्रेग्नेंसी टेस्ट किट होती है। सैंपल डालने के बाद अगर 2 रेड लाइन आती है तो इसका मतलब है कि व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव  है और अगर सिर्फ एक लाइन आती है तो मतलब व्यक्ति कोरोना नेगेटिव है।
क्षेत्रीय अस्पताल में भी खोला जा रहा है काउंटर
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भी रैट टेस्ट के लिए अलग से काउंटर खोला जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह काउंटर अस्पताल प्रशासन की बन्द पड़ी दुकान में खोला जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा विचार-विवर्ष भी कर लिया गया है।
क्या कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य विभाग सोलन डा. राजन उप्पल ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला में रैट (रैपिड एंटीजन टेस्ट किट) के माध्यम से भी कोरोना वायरस के टेस्ट किए जाने शुरू कर दिए है। इस किट के माध्यम से सैम्पल लेने के 15 से 30 मिनट के भीतर रिपोर्ट आ जाएगी। इस किट के जरिए माइड पेशेंट जिसमे आईएलआई, ए सिंटोमेटिक, ट्रेवलर्स, प्राथिमक कॉन्टेक्ट लोगों के टेस्ट किए जाएंगे। जिला में ट्रुनेट कोविड टेस्ट मशीन व केंद्रीय अनुसन्धान संस्थान कसौली में भी कोविड टेस्ट किए जा रहे है।

News Archives

Latest News