DNN बद्दी
बरोटीवाला थाना के तहत गांव खरोटा में शुक्रवार रात को चोरों ने एक घर से लाखों रुपए की नकदी व गहने चोरी कर लिए। इस दौरान घर के 3 सदस्य उन्हीं कमरों में सोए हुए थे। जानकारी के अनुसार बरोटीवाला थाना के तहत गांव खरोटा में शुक्रवार रात करीब 2 बजे चोरों ने ओम प्रकाश के घर में परिवार के सदस्यों के सोए होने के बावजूद घर से नकदी व सोने पर हाथ साफ कर दिया। जिस घर में यह चोरी हुई वहां 3 कमरे हैं व बाहर एक कैंची गेट लगा हुआ है। घर के अन्य सदस्य भी कमरे में सोए हुए थे। चोरों ने पहले तो कैंची गेट खोला व फिर पहले कमरे में सोए लोगों को पार कर वे उस कमरे में घुसे, जहां नकदी व गहने रखे थे। कमरे में सोए लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। ओम प्रकाश जोकि विदेश में नौकरी कर चुका है, वह वहां से आधा-आधा तोले के 2 सोने के बिस्कुट लाया था व कुछ उसके अन्य गहने भी थे। इसके अलावा उसने गांव में मकान का निर्माण कार्य शुरू किया था, जिसके लिए उसने 1 लाख रुपए बैंक से निकाले थे व कुछ और राशि घर में पड़ी थी, जिसे चोर उड़ाकर ले गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके घर से कुछ दूरी पर जगराता चला हुआ था व वहां से कुछ लोगों ने जब 2-3 लोगों को ओम प्रकाश के घर से निकलते देखा तो उन्हें नींद से जगाया। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना बरोटीवाला थाना में दी। एएसपी एन.के. शर्मा ने बताया कि रात को अढ़ाई बजे पुलिस मौके पर भेज दी गई थी व मामले की जांच हो रही है।















