DNN कुल्लू
16 दिसम्बर। सैनिक देश के गौरव हैं। उनके परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। यह बात उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने विजय दिवस के मौके पर जिला परिषद सभागार में आयोजित समारोह में भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कही। समारोह का आयोजन सामाजिक दूरी के नियमों को ध्यान में रखते हुए किया गया। डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि कुल्लू में शहीदी स्मारक बनाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि विशेष आयोजनों के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करे उनका सम्मान किया जा सके। उन्होंने कहा कि कुल्लू व लाहौल-स्पिति से अनेक जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहादत पाई है और उनकी याद में स्मारक का निर्माण करने की आवश्यकता है।
शहीदों की प्रतिमाओं पर किए श्रद्धा सुमन अर्पित
विजय दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने कुल्लू व लाहौल-स्पिति के शहीदों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि के लिए शहीद कैप्टन नानक चंद राणा, तंजिन छुलतिम, हवलदार तोबके राम, ले. कर्नल पृथी चंद, लांस नायक छापे राम व हवलदार डोला राम की प्रतिमाएं स्थापित की गई थी। भूतपूर्व सैनिकों ने भी शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
युवाओं को सेना में सेवा को चुनना चाहिए
अध्यक्ष भूतपूर्व सैनिक लीग कुल्लू व लाहौल-स्पिति ब्रिगेडियर टी.एस. ठाकुर ने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को सेना में सेवा करने का अवश्य चुनाव करना चाहिए। यह एक ऐसा प्लेटफार्म है जो व्यक्ति के जीवन में अनुशासन और देश सेवा का जज्बा उत्पन्न करता है। उन्होंने सेवारत व पूर्व सैनिकों से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को प्रेरित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि 1971 की लड़ाई कई मायनों में अदभुत थी। महज 13 दिन की लड़ाई में भारत की सेना ने पाकिस्तान को धूल चटा दी और उसके 93000 सैनिकों ने आत्मसमर्पण करके अपनी हार स्वीकार कर ली। ब्रिगेडियर ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि युद्ध विधवाओं और पूर्व सैनिकों के विभिन्न मुद्दों का समाधान करने के लिए प्राथमिकता प्रदान करें।
1971 के भारत पाक युद्ध के गवाह रहे नायक प्यार चंद ने युद्ध को लेकर अपने अनुभव सांझा किये।
ढालपुर में सैंकड़ों लोग साक्षी बने विजय दिवस समारोह के
विजय दिवस के राज्य स्तरीय समारोह का शिमला से सीधा प्रसारण किया गया। इसके लिए ढालपुर मैदान में बड़ी एलईडी डिजिटल स्क्रीन स्थापित की गई थी। ढालपुर मैदान में सैंकड़ोें लोगों ने विजय दिवस समारोह को देखा। लोग अनेक जगहों पर सामाजिक दूरी के साथ बैठकर धूप का लुत्फ ले रहे थे तो कहीं पर खड़े व चलते हुए दिखाई दिए। लोगों ने समारोह को देखने में खासी रूचि दिखाई और एकटक कार्यक्रम को आरंभ से अंत तक देखा। लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उद्बोधन के अलावा सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर व लै. जनरल को वर्चुअली सुना और प्रदेश में सैनिकों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ प्रदेश के सैनिकों के शौर्य व बलिदान की गाथा की भी जानकारी हासिल की।
समारोह में एसडीएम डाॅ. अमित गुलेरिया, लीग के उपाध्यक्ष अमर नाथ, सुबेदार मेजर बालक राम शर्मा, कैप्टन परस राम के अलावा टशी यंगफिल, शिव लाल डोगरा, गनर सूरत राम, बेली राम, हीरा लाल जस्पा, नरेन्द्र कुमार, चोबे राम ठाकुर, रविन्द्र कुमार, मेजर सुबेदार सोहन, हवलदार पूर्ण चंद व वेद प्रकाश सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।















