नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी से आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत राज्य को विभिन्न महिला केन्द्रित योजनाओं की धनराशि में वृद्धि की जाए। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर मेनका गांधी को हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के कल्याण एवं विकास के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल, देश के उन राज्यों में शामिल है जहां महिलाओं के लिए शहरी निकायों एवं पंचायती राज संस्थानों में 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करेगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि राज्य में महिलाओं को सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। यह भी सुनिश्चित बनाया जाएगा कि महिलाओं के स्वास्थ्य एवं आजीविका में आशातीत सुधार हो। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत यह आवश्यक है कि राज्य को महिलाओं से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कार्यान्वयन के लिए अधिक धनराशि उपलब्ध हो। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश को महिला एवं बाल विकास कल्याण के लिए अधिक धनराशि आबंटित की जाए। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने डॉ. सैजल को आश्वासन दिया कि केन्द्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को विभिन्न विभागीय योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने डॉ. सैजल से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश में महिला एवं बाल विकास केन्द्रित विभिन्न योजनाओं को हर गांव हर घर तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाएं।
