सेंट ल्यूक्स स्कूल सोलन में 39वीं एथलेटिक मीट आर्मोनिया का आयोजन, बच्चों ने खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखाया दमखम

Others Solan Sports

Dnewsnetwork

सोलन, 17 अक्तूबर : सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में शनिवार को 39वीं एथलेटिक मीट ‘आर्मोनिया’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। आर्मी ग्राउंड, सोलन में आयोजित इस खेल समारोह में स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, योग और नृत्य के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्कूल स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में अशोका हाऊस आल ओवर चैंपियन रहा।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की पूर्व निदेशक एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुमन रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, 5 सिख रेजिमेंट की फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन नेहा राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर नेहा राजपूत ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को जो शिक्षा, संस्कार और अनुभव मिलते हैं, वही उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एथलेटिक मीट के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी पूरी रुचि और लगन के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि सुमन रावत ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तरह विद्यार्थी पढ़ाई में सफलता हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, उसी तरह खेलों में भी निरंतर अभ्यास और समर्पण की आवश्यकता होती है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खुद को तैयार करना चाहिए, ताकि भविष्य में वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी चैंपियनशिप में भाग लेकर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि चाहे पढ़ाई का क्षेत्र हो या कोई भी खेल, सफलता प्राप्त करने के लिए जुनून सबसे अधिक जरूरी है। जब व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति जुनूनी होकर मेहनत करता है, तो उसके लिए मंजिल तक पहुंचने के रास्ते खुलते जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।

एथलेटिक मीट के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। योग प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया, जबकि आकर्षक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर स्कूल के मैनेजर फादर पी. सहाय राज और प्रधानाचार्य सिस्टर स्टेला सहित स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास का महत्व समझने का अवसर प्रदान किया।

Latest News