सूचना के आदान-प्रदान में विश्वसनीयता बनाए रखना मीडिया के लिये अह्म-गोविंद ठाकुर

Himachal News Kullu Others

 DNN कुल्लू

18 सितम्बर। प्रेस को लोकतंत्र का चतुर्थ स्तम्भ कहा जाता है। मीडिया समाज में सूचना के आदान-प्रदान की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी का निर्वहन कर रहा है। इस बड़ी जिम्मेवारी के साथ जरूरी है समाज में विश्वसनीयता को बनाए रखना। इसके लिये सही, निष्पक्ष, निर्भीक पत्रकारिता के साथ सकारात्मक सोच बहुत बड़ा पहलू है। यह बात शिक्षा व भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने ऐतिहासिक खेल मैदान ढालपुर में प्रेस इलेवन तथा सीएमओ इलेवन के मध्य खेले गए क्रिकेट मैच में पुरस्कार वितरण की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि चिकित्सक दिन-रात मानवता की सेवा में तल्लीन रहने के बावजूद खेल के प्रति उनकी रूचि में कोई कमी नहीं दिखती।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि खेल जीवन में प्रत्येक व्यक्ति के लिये जरूरी है। प्रेस व चिकित्सा जगत के लोग जो दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शारीरिक व मानसिक थकान से नहीं निकल पाते, ऐसे में इस प्रकार की खेलें उनमें एक नई स्फूर्ति का एहसास करवाती हैं। आपस में भाईचारे की भावना को बढ़ाती हैं। इस अवसर पर अण्डर 16 क्रिकेट के युवा खिलाड़ियों से मंत्री ने कहा कि वे देश का भविष्य हैं और समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा करने के लिये उन्हें तैयार होना है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और मेहनत को अपना हथियार बनाएं। जीवन में कभी हताशा नहीं होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर प्रेस को सुविधाएं प्रदान करने को लेकर काफी संवेदनशील हैं। जिला मुख्यालयों और उप-मण्डलों में प्रेस क्लब भवनों के निर्माण के लिये 50 लाख व 30 लाख रुपये की राशि जबकि खण्ड स्तर के लिये 20 लाख रुपये की राशि का प्रावधान बजट में किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही के कुल्लू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल्लू प्रेस क्लब भवन के विस्तार तथा भुंतर प्रेस क्लब भवन के निर्माण के लिये धनराशि प्रदान करने की घोषणा की है।
इससे पूर्व मंत्री ने प्रेस इलेवन की टीम को जीत के लिये बधाई दी तथा ट्राफी प्रदान की। उप-विजेता सीएमओ की टीम को रनर अप ट्राफी प्रदान की गई। उन्होंने प्रेस इलेवन को मैच के आयोजन के लिये 25 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की।
जिला क्रिकेट एसोसियेशन के अध्यक्ष दानवेन्द्र सिंह, एसोसियेशन के पदाधिकारी, प्रधान जिला प्रेस क्लब धनेश गौतम, प्रधान प्रेस क्लब मनाली संदीप शर्मा, प्रधान भुुंतर प्रेस क्लब मेघ सिंह कश्यप, मुख्य चिकत्सा अधिकारी डॉ. सुशील चन्द्र, जिला भाजपा प्रवक्ता आदित्य गौतम, सचिव तरूण बिमल सहित अन्य गण्मान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।

News Archives

Latest News