DNN शिलाई
25 अप्रैल। सिरमौर जिला में नेशनल हाइवे 707 के निर्माण कार्य में कार्यरत दो कर्मियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुई बहसबाजी के बाद एक कर्मी द्वारा दूसरे कर्मी के सिर पर कांच को बोतल मारने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच जारी है।
दरअसल आज समय करीब साढ़े 11 बजे मीनस में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-707 में कार्यरत 3 कर्मी कंपनी द्वारा बनाए गए अस्थाई आवास में पार्टी कर रहे थे। इसी बीच पार्टी के दौरान दो कर्मियों साहिल गुलेरिया निवासी बल्ह, जिला मंडी व 23 वर्षीय नवरत्न निवासी किश्तवाड़, जम्मू एवं कश्मीर के बीच अचानक पैसों के लेन-देन को लेकर आपस में बहसबाजी हो गई। इसी दौरान साहिल गुलेरिया ने आवेश में आकर नवरत्न के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। उक्त हमले में घायल नवरत्न को उपचार हेतू शिलाई अस्पताल में लाया गया, जहां पर चिकित्सा अधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की पुष्टि एसपी ओमापति जमवाल ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त घटना को लेकर आईपीसी की धारा 302 के अन्तर्गत पुलिस थाना शिलाई में मामला दर्ज किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि प्रभारी पुलिस थाना मौका पर उपस्थित है। जबकि डीएसपी पांवटा साहिब भी मौका पर पंहुच रहे है। उन्होंने बताया कि यह प्रारंभिक जानकारी है। मामले में अधिक जानकारी रिपोर्ट आने के बाद सांझा की जाएगी।















