सिरमौर पुलिस की लगातार कार्रवाई, चिट्टा तस्कर गिरफ्तार, दड़ा-सट्टा पर शिकंजा, सड़क हादसे में केस दर्ज

Crime Sirmaur

15 जुलाई – सिरमौर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी, दड़ा-सट्टा और सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों में केस दर्ज किए हैं। यह जानकारी एएसपी योगेश रोल्टा ने दी।
पांवटा साहिब में 4.07 ग्राम चिट्टा सहित आरोपी गिरफ्तार
एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम विश्वकर्मा चौक क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नवीन ठाकुर निवासी गांव पुडली, डाकघर भरोग बनेड़ी, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर, कुंजा से यमुना नदी के रास्ते चिट्टा लेकर आया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 4.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
पुरुवाला में दड़ा-सट्टा खेलाते व्यक्ति पर कार्रवाई
एक अन्य मामले में पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने मानपुर देवड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिव राम निवासी मानपुर देवड़ा को कथित रूप से दड़ा-सट्टा लगाते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्चियों के साथ 970 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कालाआम्ब सड़क हादसे में फरार चालक के खिलाफ मामला
एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस थाना कालाआम्ब में प्रेमपाल सिंह निवासी गोविंदगढ़, नाहन की शिकायत पर सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 9 जून 2026 को आम्बवाला के समीप एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में शिकायतकर्ता के हाथ की उंगली कट गई तथा पैर में फ्रैक्चर आया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद फरार मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।

News Archives

Latest News