-पांवटा साहिब में सर्पदंश से 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत
DNN नाहन। सिरमौर जिला के तहत उपमंडल पांवटा साहिब में एक 54 वर्षीय व्यक्ति की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के वक्त व्यक्ति झोपड़ी में सो रहा था। सांप के डसने के बाद तुरंत व्यक्ति को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान छगन लाल पुत्र स्व. किशोरी निवासी परिहवाली, तहसील देवाई, जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक छगन लाल नवादा में एक क्रेशर पर मजदूरी का काम करता था। जब वह अपने परिवार के साथ झोंपड़ी में सोया हुआ था कि इसी बीच उसे सांप ने डस लिया। घटना बीती देर रात की है। आनन-फानन में छगन लाल के परिजन उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाए, जहां पर उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उधर पूछे जाने पर पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आज शव का पोस्टमार्टम करवा उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।