DNN नाहन
24 नवंबर। सिरमौर जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दलीप चौहान के खिलाफ शिलाई कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस बाबत शिलाई ब्लॉक कांग्रेस मंडल ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित किया है, जिसे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भेजा है।
दरअसल बुधवार को शिलाई विस प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव चंद्रमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में शिलाई कांग्रेस ने एक जनरल हाउस की बैठक की थी। इसमें प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी व स्थानीय विधायक हर्षवर्धन चौहान उपस्थित रहे। हाउस में फैसला लिया गया कि पार्टी के खिलाफ गतिविधियों के चलते दलीप सिंह चौहान को पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
ब्लॉक कांग्रेस शिलाई के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने बताया कि पार्टी के खिलाफ पिछले काफी समय से दलीप सिंह चौहान कार्य कर रहे थे। इसके चलते शिलाई में एक जनरल हाउस बुलाया गया था। जहां सर्वसम्मति से फैसला लिया गया और दलीप सिंह चौहान को पार्टी से निष्कासित किया गया। उन्होंने बताया कि यह फैसला प्रदेश कार्यकारिणी को भेजा गया है।
वहीं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव दलीप सिंह चौहान ने सभी आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के ओहदेदार पद पर हैं। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर वह इस पद पर नियुक्त हुए हैं। पार्टी से निष्कासन शिलाई कांग्रेस का कोई हक नहीं है। शिलाई कांग्रेस यह बात साबित करें कि उन्होंने कब पार्टी के खिलाफ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि शिलाई कांग्रेस किसी एक की जागीर नहीं है। यह एक संगठन है, जिसमें सभी की भूमिका अहम हैं।