DNN नाहन
08 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेशनल हेल्थ मिशन के राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली में कोरोना काल में लोगों को बेहतर वैक्सीन व रिकॉर्ड वैक्सीन लगाने वाली स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। देश भर के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 72 महिला कर्मचारियों को बेस्ट वूमेन वैक्सीनेटर पुरस्कार के लिए चयनित किया गया था। मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मांडवा व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री डॉ भारती प्रवीण पवर ने सिरमौर जिला के पांवटा साहिब के तहत राजपुर ब्लॉक में तैनात शीला देवी को हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा कोविड-19 वैक्सीन लगाने के लिए सम्मानित किया। इस दौरान दिल्ली में हिमाचल प्रदेश नेशनल हेल्थ मिशन के मिशन डायरेक्टर हेमराज बाजवा भी उपस्थित रहे। शीला देवी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण पंवर ने शॉल देकर सम्मानित किया। जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडवा ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए प्रत्येक राज्य से दो बेस्ट वूमेन वैक्सीनेटर कर्मचारियों का चयन किया गया था। बता दें कि शीला देवी ने 16 जनवरी 2021 से दिसंबर 2021 तक लगातार 298 कोविड-19 सेशन किए। इस दौरान इन्होंने 58,576 लोगों को कोविड-19 वैक्सीन लगाई। साथ ही 1 दिन में 1000 लोगों को कोविड वैक्सीन का रिकॉर्ड भी हिमाचल में शीला देवी के नाम है। 38 वर्षों की सेवा में शीला देवी को राष्ट्रीय पुरस्कार पहली बार मंगलवार को मिला। इससे पहले उन्हें ब्लॉक जिला व राज्य स्तर पर पुरस्कार मिल चुके थे। शीला देवी ने बताया कि वह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। शीला देवी ने बताया कि देशभर की जो 72 महिलाएं राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित की गई थी, उनमें छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र की कुछ हेल्थ वर्करों द्वारा 1 वर्ष में एक लाख कोविड-19 के टीके भी लगाए गए, जिसकी जानकारी मंच पर दी गई। जबकि हिमाचल में उनका सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 1 दिन में 1000 और 1 वर्ष में 58,576 लोगों को वैक्सीन लगाने का था।
वहीं इस बीच दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा रीजनल हॉस्पिटल धर्मशाला की स्टाफ नर्स इंदु को भी बेस्ट वूमेन वैक्सीनेटर का राष्ट्रीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उधर जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार गौतम ने हेल्थ सुपरवाइजर शीला देवी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर विभाग की ओर से शुभकामनाएं दी हैं।