DNN सोलन
स्टेट विजीलैंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो की टीम ने सोलन जिला के प्रवेश द्वार परवाणू में माप तोल विभाग सोलन वृत परवाणू के निरीक्षक नरेश ठाकुर को करीब साढ़े 4 लाख रुपए की रिश्वत के आरोप गिरफ्तार किया है। पता चला है कि स्टेट विजीलैंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो की टीम ने डीएसपी योगेश रोल्टा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश माप-तोल विभाग सोलन वृत परवाणु के निरीक्षक नरेश ठाकुर की इयोन कार की तलाशी ली। यह तलाशी सैक्टर 01 परवाणु स्थित माप तोल की मशीनें बनाने वाले एक उद्योग के परिसर में ली गई। इस कार से 4,50,000 रुपए बरामद हुए। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन से यह राशि मापतोल मशीनों को पास करने की एवज में ली गई। समाचार लिखें जाने तक विजीलैंस की टीम कार्रवाई में जुटी थी।
पता चला है कि इस कंपनी को माप तोल मशीनों की सप्लाई करने का टेंडर महाराष्ट्र सरकार से मिला हुआ है। ऐसे में इन मशीनों को पास करवाने की एवज में यह रिश्वत ली गई। विजीलैंस अधिकारी मौके पर कार्रवाई में लगे थे।















