साई होस्टल धर्मशाला ने मारी बाजी

Baddi + Doon Sports

डीएनएन बद्दी
दुर्गा स्पोटर्स क्लब मंघाला द्वारा आयोजित दो दिवसीय ओपन कब्डडी प्रतियोगिता का खिताब कैथल-हरियाणा की टीम ने हासिल किया। प्रतियोगिता में लड़कियों के कबड्डी मुकाबले में साई होस्टल धर्मशाला ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय कब्डडी स्टार अजय ठाकुर भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने भी खिलाडिय़ों का हौंसला बढ़ाया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में करीबन 60 से अधिक टीमों ने भाग लिया। जिसमें प्रो कब्डडी के एक दर्जन से अधिक अंतर्राष्ट्रीय-राष्ट्रीय खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में दून हल्के के विधायक परमजीत पम्मी ने शिरकत कर विजेताओं को ईनाम वितरित किए। विधायक ने आयोजकों को 21 हजार रुपए की राशि भी मौके पर भेंट की। परमजीत पम्मी ने दुर्गा स्पोटर्स क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इस क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक इंडोर खेल स्टेडियम की सौगात भी दी जाएगी। ओपन कब्डडी के फाइनल मुकाबले में कैथल की टीम ने अपनी प्रतिद्वदी पंजाब पुलिस की टीम से कड़ी चुनौती के बावजूद सात अंकों के अंतर से जीत हासिल की। विजेता टीम को आयोजकों की ओर से 71 हजार रुपए व उप विजेता टीम को 51 हजार रुपए देकर सम्मानित किया गया। जबकि सैमी फाइनल में कैथल ने देहला-ऊना को तीन अंकों से हराया व पंजाब पुलिस ने करणपुर को 24 अंकों के भारी अंतर से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। देहला-ऊना की टीम प्रतियोगिता में क्रमश: तीसरे व करणपुर चौथे स्थान पर रही। दोनों ही टीमों को नकद पुरस्कार दिया गया। लड़कियों के फाइनल मुकाबले में साई होस्टल धर्मशाला ने साई होस्टल बिलासपुर को पांच अंकों के अंतर से मात दी।

News Archives

Latest News