सनसनी: बंदूक की नोक पर भेड़ पालक से लूट, 4 बदमाशों ने लूटे 50 हजार

Crime Sirmaur

DNN नाहन
सिरमौर के पच्छाद थाना के तहत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बंदूक की नोक पर एक भेड़ पालक के साथ 5 बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात को 4 बदमाशों ने पच्छाद विकास खंड की बनी बखोली पंचायत के च्याली गांव में अंजाम दिया है। किन्नौर से ताल्लुक रखने वाले एक भेड़ पालक से बदमाशों ने करीब 50 हजार रूपए की राशि लूट ली है। पीड़ित दलबीर सिंह पुत्र भागसुख निवासी सांगला जिला किन्नौर ने पुलिस को बताया कि वह एक भेड़ पालक है। प्रतिवर्ष ठंड के मौसम में अपनी भेड़ और बकरियों के साथ उन्हें चराने के लिए सिरमौर आता हैं। आजकल उसने बनी बखौली पंचायत के च्याली गांव के समीप डेरा डाला हुआ है। रविवार शाम को 4 व्यक्तियों ने उसे खुद को वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बताया। शक होने पर दलबीर की उनसे बहस हो गई। फिर एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर दलवीर की कनपटी पर रख दी और चारों बदमाश दलबीर सिंह से 50 हजार रूपए छीन कर ले गए, जो कि उसने अपने राशन के लिए रखे हुई थे। दलबीर सिंह ने बताया कि चारों बदमाश गाड़ी में हरियाणा की ओर फरार हुए हैं। पच्छाद पुलिस ने भेड़ पालक दलबीर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि पच्छाद पुलिस थाना प्रभारी बीरू अहमद ने की है।

News Archives

Latest News