सड़क हादसे में सेना के 16 जवानों की गई जान

National/International Others

DNN नई दिल्ली

शुक्रवार को सिक्किम में एक सड़क हादसे में सेना के 16 जवानों की जान चली गई, जबकि चार जवान घायल हो गए। उत्तरी सिक्किम के जेमा में यह दुर्घटना तब हुई, जब आर्मी का ट्रक खतरनाक मोड़ पर खड़ी ढलान से नीचे फिसल गया। भारतीय सेना ने यह जानकारी दी। भारतीय सेना के मुताबिक, ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो सुबह चाटेन से चला था और थंगू की ओर जा रहा था। सेना ने कहा उत्तरी सिक्किम के जेमा में 23 दिसंबर को सेना के एक ट्रक के साथ हुए दुखद सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 बहादुरों की जान चली गई है। इस हादसे पर दुख जताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिक्किम में सड़क दुर्घटना में सेना के वीर जवानों के शहीद होने की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। मैं प्रभु से सभी घायलों की कुशलता तथा दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करता हूं।

News Archives

Latest News