श्रीखण्ड यात्रा में एक श्रद्धालु की मौत

Crime Shimla

DNN शिमला (रमेश वर्मा)

उत्तर भारत की बेहद कठिन श्रीखंड कैलाश यात्रा के दौरान मंगलवार को एक और श्रद्धालु की मौत हो गई। शिमला के कैथू निवासी हेमंत (20) पुत्र कर्मचंद की आज सुबह यात्रा के दौरान कुल्लु जिले के आनी उपमंडल में ठाचडू के पास उस समय मृत्यु हुई, जब वह अपने परिजनों के साथ पैदल रास्ते पर चढ़ाई चढ़ रहा था। श्रीखंड कैलाश ट्रस्ट के उपाध्यक्ष व आनी के एसडीएम चेत सिंह ने बताया कि 20 वर्षीय हेमन्त की मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ठाचडू के पास पैदल रास्ते में तबीयत बिगड़ी। सम्भवतः फेफड़ों में पानी भरने के कारण उसकी मौत हुई है।उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम युवक के शव को नीचे बेस केम्प सिंघाड़ ला रही है। शव का निरमंड अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। मौत किन कारणों से हुई ,ये पोस्ट मार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज तड़के हुई व्यापक बारिश के कारण सिंघाड़ के आगे श्रीखंड यात्रा को रोक दिया गया था, लेकिन बारिश थमने के बाद यात्रा फिर से बहाल कर दी गई है। बता दें कि 15 जुलाई को श्रीखंड यात्रा के आधिकारिक तौर पर शुरू होने के बाद अब तक दो श्रद्धालुओं की 30 किलोमीटर के पैदल रास्ते में मौत हुई है। पिछले कल गुज़रात के एक 55 वर्षीय श्रद्धालु की ह्रदय गति रुकने से मौत हुई थी।

News Archives

Latest News