DNN ऊना
29 अक्तूबर। कोविड-19 महामारी के चलते सभी राज्यों/ शैक्षणिक बोर्ड द्वारा कक्षा एक से 9वीं तथा 11वीं की अन्तिम परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है और विद्यार्थियों को आंतरिक आकलन के आधार पर पास/प्रोमोट किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए उप निदेशक जिला सैनिक कल्याण मेज़र रघबीर सिंह ने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों/विधवाओं को प्रदान की जाने वाली शिक्षा ग्रांट के लिए शैक्षणिक सत्र 2019-20 हेतु आवेदकों को अंक तालिका अपलोड करने में छुट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आवेदकों को इसके लिए स्कूल द्वारा जारी इस आशय का प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा जिसमें यह दर्शाया गया हो कि विद्यार्थी को अगली कक्षा में प्रोमोट किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के चलते इस योजना के तहत शिक्षा ग्रांट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने पात्र आवेदकों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक केंद्रीय सैनिक बोर्ड की बेवसाईट पर आवेदन करना सुनिश्चित कर लें। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के दूरभाष नं० 226090 पर संपर्क किया जा सकता है।















