वीरभद्र व सुखराम पर CM जयराम ने दिया ये बड़ा ब्यान

Himachal News Mandi Politics

DNN सिराज

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में आया राम गया राम वाली जैसी राजनीति उचित नहीं है। ऐसे प्रचलन से राजनीतिज्ञों के बारे में समाज में बुरा संदेश जाता है। मुख्यमंत्री आज मण्डी जिले के सिराज विधानसभा क्षेत्र के देवधार में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह भी मानते हैं कि वर्तमान प्रदेश भाजपा सरकार ईमानदारी से लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि लेकिन पंडित सुखराम इस बात को नकारते हुए अलग राह पर चल रहे हैं क्योंकि पंडित सुखराम अपने पूरे परिवार को सत्ता सुख दिलाना चाहते हैं। उन्हांने कहा कि अनिल शर्मा को भाजपा ने पूरा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा को टिकट देने के साथ-साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया और अब पंडित सुखराम अपने पोते के लिए भी टिकट मांग रहे थे जो संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ही परिवार के उत्थान के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के हित को मद्देनजर प्रत्येक कार्य करती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता ने तय कर लिया है कि केंद्र में फिर से मजबूत नेतृत्व वाली सरकार बनाई जाएगी। देश को केवल नरेंद्र मोदी ने ही मजबूत नेतृत्व दिया है। मोदी सरकार ने जनकल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन योजनाओं से हिमाचल के भी लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाईयों को पार किया है। इसके मद्देनजर देश को ऐसे ही नेतृत्व की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों से इस बार भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के कुछ कांग्रेस नेता प्रदेश में हुए विकास पर सवाल कर रहे हैं जबकि प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदेश में विगत एक वर्ष में हुए विकास की प्रशंसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के इस सवाल का जवाब प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की जनता देगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भी हिमाचल के विकास के लिए साढ़े 10 हजार से अधिक की राशि दी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सिराज की जनता ने उनका प्रत्येक कदम पर साथ दिया है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा जी को सिराज से लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बढ़त मिलेगी। उन्होंने कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने बतौर सांसद मंडी संसदीय क्षेत्र का हरसंभव विकास किया है। सांसद निधि से क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने कोई भी कमी नहीं की है। सिराज के बगस्याड़ में 12 और देवधार में 41 परिवारों ने भाजपा सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने भाजपा में शामिल होने वाले सदस्यों का स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा भी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News