– मामले की जांच जारी, यूके एम्बेसी से किया गया संपर्क
Dnewsnetwork
शिमला में एक विदेशी नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि बीती रात लगभग 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई है। इस संबंध में पुलिस को सूचना सूर्यवंशी निवासी कैथू (चितकारा पार्क के समीप) ने बताया कि एक विदेशी नागरिक उनके होटल में ठहरे हुए थे, जो होटल के कमरा नंबर 103 में फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तथा उप पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे और होटल लोअर कैथू, शिमला में स्थिति का निरीक्षण किया गया।
होटल स्टाफ से पूछताछ में पता चला कि विदेशी नागरिक बैरी एल्विन मौस कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे। जानकारी के अनुसार उन्होंने थोड़ी मात्रा में शराब का सेवन किया था। दरवाजा न खोलने पर होटल स्टाफ ने कमरा खोलकर देखा, जहां वह फर्श पर गिरे हुए पाए गए।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक निरीक्षण किया गया तथा कमरे से संबंधित जरूरी सामान को कब्जे में लिया गया। कमरे को सील कर उसकी चाबी सुरक्षित रखी गई। इसके पश्चात मृतक को आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में यूके एम्बेसी से पत्राचार किया गया है। एम्बेसी से उत्तर प्राप्त होने के उपरांत आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।















