वाहनों की आवाजाही के लिए खुला कसौली और बड़ोग

Kasauli Others Solan

DNN सोलन ब्युरो
05 फरवरी। जिला मुख्यालय सोलन के पर्यटन क्षेत्र बड़ोग व कसौली में अधिक बर्फबारी के चलते सड़क को एहतिहात के तौर पर बन्द की गई सड़कों को सुचारू कर दिया गया है। वाहनों को अब वाया बड़ोग व कसौली भेजा जाना शुरू कर दिया है। लोगों व वाहन चालकों को परेशानी न हो इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बता दें कि बर्फबारी के चलते कुमारहट्टी-बड़ोग-सोलन व गड़खल-कसौली सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बन्द कर दी गई थी। पुलिस द्वारा यह कदम लोगों की सुरक्षा के लिए उठाए गए थे। बर्फबारी के चलते वाहन स्किड न हो इसके लिए पर्यटन क्षेत्र को जाने वाली सड़क को गड़खल व बड़ोग जाने वाले रास्ते को कुमारहट्टी व सोलन से बन्द किया गया था। इसके चलते कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर वाहनों को पुलिस द्वारा कुमारहट्टी-सोलन बायपास से डायवर्ट किया गया है।
गुरुवार को क्षेत्र में सीजन का दूसरा हिमपात हुआ है। अधिक हिमपात होने के चलते गाड़ियों के स्किड होने का खतरा मंडराने लगा था। किसी भी प्रकार की क्षति न हो इसके लिए पुलिस ने कमर कसी हुई है। पुलिस द्वारा एहतिहात के तौर पर इन सड़कों को बंद किया गया था। हालांकि, हाई-वे पर कुमारहट्टी-सोलन बाईपास से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। बर्फबारी में लोगों को परेशानी न हो इसको देखते हुए भी जिला पुलिस सोलन कि टीमें चप्पे-चप्पे पर तैनात की गई है। उधर, देर शाम कसौली में पर्यटकों का तांता लगना भी शुरू हो गया। बाहरी राज्यों से हजारों वाहनों ने पर्यटन क्षेत्र कसौली का रुख किया, लेकिन अधिक बर्फबारी के बीच वाहन फंस गए थे। इस कारण लंबा जाम लग गया था। जाम लगने के चलते निजी बसों के रूट प्रभावित हुए थे। बर्फबारी में वाहन फंसने व एहतिहातन गड़खल-कसौली सड़क को बंद किया गया और वाहनों को वापिस भेजा गया। शुक्रवार सुबह भी यह दोनों सड़कें बन्द थी, लेकिन लगभग एक बजे तक इन दोनों सड़कों को खोल दिया गया है।

नहीं जा रही इन रूटों पर बसें
बर्फबारी के कारण कुमारहट्टी-बड़ोग-सोलन व गड़खल-कसौली रुट पर निजी व सरकारी बसें नहीं भेजी जा रही है। हालांकि, गड़खल तक ही बस ऑपरेटरों द्वारा बसें चलाई जा रही है और लोगों को सुविधा दी जा रही है। इसी तरह कुमारहट्टी-बड़ोग-सोलन बंद होने के चलते बसें कुमारहट्टी-सोलन बाईपास से चलाई जा रही है। अब देखना यह होगा कि शुक्रवार को दिन में क्या यह रुट चलेंगे या नहीं ।

पर्यटकों को हाथ लगी निराशा
बर्फबारी की तमना लेकर पहुंचे कई पर्यटकों को निराशा भी हाथ लगी है। कई पर्यटक कसौली नहीं पहुंच पाए। सड़क के बन्द होने के चलते उन्हें गड़खल से ही वापिस होना पड़ा। इसी तरह बड़ोग में भी लोग नहीं पहुंच पाए है। हालांकि, बर्फबारी के बाद अधिक पर्यटकों ने बाहरी राज्यों से हिमाचल का रुख किया है।

होटलियर्स के चहरे खिले
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ ही पर्यटकों ने आना शुरू कर दिया है। इससे होटलियर्स के चहरे पर फिर एक मुस्कान आई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिर एक बेहतर कार्य होगा।

क्या कहना है अधिकारियों का
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश गर्ग ने बताया कि कसौली के तहत एक सड़क बन्द थी जिसे खोल दिया गया है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
उधर, डीएसपी सोलन रमेश शर्मा का कहना है कि बड़ोग व कसौली में बंद सड़कों को ट्रैफिक के लिए खोला गया है। परेशानी न हो इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील भी की ही कि अधिक बर्फबारी के बीच वह धीमी गति से वाहनों को चलाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

News Archives

Latest News