DNN सोलन
कृषि, जनजातीय विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मारकण्डा ने कहा कि मु यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लोगों को शीघ्र न्याय दिलवाने तथा उनकी शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए कृतसंकल्प है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए जनमंच कार्यक्रम आरंभ किया गया है। डॉ. रामलाल मारकण्डा आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हाटकोट में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. मारकण्डा ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार को लोगों के घरद्वार पर पहुंचाकर विभिन्न समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनमंच के आरंभ होने से आम लोगों के ऐसे विभिन्न कार्य अब शीघ्र हो रहे हैं जिनके लिए पहले उन्हें राज्य अथवा जिला मु यालय जाना पड़ता था।
डॉ. मारकण्डा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने आमजन के कल्याण के लिए अपने पहले ही बजट में 30 नई योजनाएं आरंभ की हैं। प्रदेश सरकार राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वस्थ रखने तथा प्रदेश की कृषि योग्य भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खेती ही एक मात्र उपाय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान नामक योजना आरंभ की है। योजना के तहत इस वर्ष 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई 30 नई योजनाओं में से 16 योजनाएं कृषि विभाग के लिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है।















