लोगों के मित्र बनकर उभरे लोकमित्र केन्द्र-विवेक चंदेल

Others Solan

DNN सोलन
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल ने जिले में कार्यरत सामान्य सेवा केन्द्रों (कॉमन सर्विस सेंटर) के संचालकों से आग्रह किया है कि वे अपने केन्द्रों के माध्यम से न केवल लोगों तक वैब आधारित विभिन्न सेवाएं पहुंचाएं अपितु यह भी सुनिश्चित बनाएं कि लोग अधिक संख्या में इनका लाभ उठा पाएं। विवेक चंदेल जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामान्य सेवा केन्द्रों के संचालकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
विवेक चंदेल ने कहा कि सामान्य सेवा केन्द्रों को लोकमित्र केन्द्र के नाम से जाना जाता है। ये केन्द्र सही मायनों में लोकमित्र बनकर उभरे हैं। इनके माध्यम से लोगों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, टेलीमेडिसन, ग्रामीण बैकिंग सहित वैब आधारित अन्य सेवाएं प्रदान की जा रही है। ये केन्द्र राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना का महत्वपूर्ण घटक है और ये लोगों को उच्च गुणवत्तायुक्त एवं सस्ती सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रहे हैं।


अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने केन्द्र संचालकों से आग्रह किया कि वे अपनी परेशानियां उचित माध्यम पर साझा करें ताकि इनका निराकरण किया जा सके। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले संचालकों को बधाई दी।
विवेक चंदेल ने इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोकमित्र केन्द्रों के संचालकों को सम्मानित भी किया। सामान्य सेवा केन्द्र के राज्य प्रमुख अशोक चौहान ने इन केन्द्रों के माध्यम से प्रदान की जा रही सेवाओं एवं केन्द्रों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर राज्य समन्वयक शिक्षा रीना ठाकुर, सामान्य सेवा केन्द्र की जिला प्रबंधक सुनीता अरोड़ा, जिला परियोजना निदेशक जितेंद्र सिंह, जिला समन्वयक कृष्ण ठाकुर, जिले के लोकमित्र संचालक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News