लगातार बढ़ रही ठंड और घटते तापमान में लोग सावधानी बरतें

Bilaspur Others

DNN बिलासपुर

21 दिसम्बर। जिला में लगातार बढ़ रही ठंड और घटते तापमान के दृष्टिगत अतिरिक्त उपायुक्त तोरूल रवीश ने आम लोगों को शीतलहर और धुंध से सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने इस दौरान लोगों से आहवान करते हुए कहा कि कोहरे में वाहन को धीमी गति से चलाएं, फाॅग लाइट का उपयोग करें, वाहनों के बीच उचित दूरी बनाए रखें और यदि दृश्यता बेहद खराब हो तो सड़क पर पेंट की गई लाईन को एक गाइड के रूप में उपयोग करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन इस्तेमाल न करें और न ही उच्च संगीत सुने।
उन्होंने शीतलहर से सुरक्षा के उपाय बताते हुए कहा कि जहां तक सम्भव हो सके शीतलहर के दौरान घर में रहे। घर से बाहर जाते हुए सिर, कान, हाथ, पैर और नाक को ढक कर निकले। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र, रेडियो, टीवी से मौसम की जानकारी लेते रहे तथा स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और आगामी तापमान में परिवर्तन के बारे में सतर्क रहें। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाए रखने के लिए पोषक आहार एवं गरम पेय पदार्थ का सेवन करें। उन्होंने कहा कि शरीर पर कई स्तरों वाले ऊनी एवं गरम कपड़ो को पहनें, शरीर को सूखा रखें, कमरों में हीटर, केरोसीन, कोयले की अंगीठी का प्रयोग करते हुए धुएं के निकास का उचित प्रबंध करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कम तापमान में कठिन कार्य न करें, क्षमता से अधिक शारीरिक कार्य करने से हदयघात का खतरा पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि शीतदंश के लक्ष्णों पर नजर रखें जैसे शरीर के अंगों को सुन्न पड़ना, हाथ और पैर की उंगलियां, कान व नाक आदि का सफेद या पीले रंग के दाग उभर आना इत्यादि। उन्होंने कहा कि हाईपोथर्मिया के लक्ष्णों पर भी नजर रखें जैसे यादाश्त कमजोर पड़ना, असीमित ठिठुरना, सुस्ती, थकान, तुतलाना इत्यादि। यदि तबियत ठीक न लगे या किसी भी प्रकार की दिक्कत महसूस हो तो तुरंत डाॅक्टर से सम्पर्क करें।
उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आंशका है इसलिए ज्यादा एहतियात बरतें कोरोना संक्रमण से बचाव हेतू मास्क का प्रयोग करें, उचित सामाजिक दूरी का पालन करें और बार-बार साबुन से हाथ धोएं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कोरोना के लक्ष्ण लगते है तो नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करवाएं और स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन नम्बर 104 पर सम्पर्क करें।

News Archives

Latest News