आयुष विभाग द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में किए जा रहे सराहनीय कार्य – हरदीप सिंह बावा
Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि आयुष पद्धति प्राकृतिक उपचार है और यह पद्धति रोग की रोकथाम और समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। राम कुमार चौधरी आज बद्दी उपमण्डल की ग्राम पंचायत लोदीमाजरा में आयुष विभाग द्वारा आयुष ग्राम परियोजना के अंतर्गत आयोजित आयुष मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि आयुष पद्धति भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा का अभिन्न अंग है, जो समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी पद्धतियां न केवल रोगों के उपचार में सहायक हैं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने वर्तमान समय में खराब जीवनशैली संबंधी बीमारियों के संदर्भ में आयुष पद्धति की उपयोगिता और महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इन पद्धतियों को दैनिक जीवन में अपनाने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
उन्होंने आयुष विभाग द्वारा कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।
हरदीप सिंह बावा ने इस अवसर पर कहा कि आयुष विभाग द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से आयुष अस्पताल नालागढ़ के आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यकरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसे एक सुंदर औषधीय वाटिका के रूप में विकसित किया गया है, जहां प्राकृतिक वातावरण में लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 330 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा निःशुल्क रक्त जांच एवं औषधियों का वितरण भी किया गया।
मेले में औषधीय पौधों का वितरण किया गया एवं विभिन्न औषधीय पौधों तथा जड़ी-बूटियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
चिकित्सकों द्वारा आमजन को आयुष पद्धति की विशेषताओं जैसे पंचकर्म, योग एवं मर्म चिकित्सा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने आयुष ग्राम लोदीमाजरा (बद्दी) में सीएसआर के माध्यम से योग हॉल के निर्माण का आश्वासन दिया।
उपमंडल आयुष चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. नीरज जुल्का, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।















