DNN सोलन
सोलन के एक व्यापारी जिसे पहले ही हरियाणा की एक गैंग द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है, के कार्यालय में वीरवार को 3 अज्ञात लोगों द्वारा घुसने व उनमें से एक के हाथ में रिवाल्वर देखने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी रविंदर कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। वहीं दूसरी ओर एएसपी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसा मामला सामने आया है और पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल इस विषय में ज्यादा कुछ नहीं बता पाएंगे ।
गौरतलब है कि सोलन के एक व्यापारी को पिछले दिनों हरियाणा से फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद व्यापारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद व्यापारी के परिवार के सदस्यों को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी। वहीं वीरवार को अचानक से सुबह करीब 10:45 बजे व्यापारी के कार्यालय में अज्ञात लोगों के घुसने व उनके हाथ में रिवाल्वर देखने के बाद यह माना जा रहा है कि यह लोग उसी गैंग के सदस्य हो सकते हैं जिसने व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उन लोगों का पता लगा रही है , जो लोग व्यापारी के कार्यालय में घुसे थे।
















