Dnewsnetwork
कुल्लू, 25 अप्रैल : राष्ट्रपति के प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे के दृष्टिगत जिला कुल्लू में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के दृष्टिगत साहसिक खेलों(गतिविधियों) पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी, कुल्लू द्वारा जारी आदेशों के अनुसार जिले में संचालित सभी प्रकार की एडवेंचर गतिविधियां, जैसे पैराग्लाइडिंग, जिपलाइन तथा हॉट एयर बैलून आदि को 28 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक बंद रखा जाएगा।
डीटीडीओ ने कहा कि यह प्रतिबंध विशेष रूप से सोलंग नाला, मरही, गुलाबा तथा मझाच शणाग क्षेत्रों में लागू रहेगा, जहां इन गतिविधियों का संचालन किया जाता है। उन्होंने सभी संबंधित ऑपरेटरों एवं संगठनों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राष्ट्रपति दौरे के मद्देनज़र कुल्लू में यातायात व्यवस्था में बदलाव
कुल्लू, 25 अप्रैल : राष्ट्रपति का हिमाचल प्रदेश प्रवास 27 अप्रैल से 2 मई 2026 तक निर्धारित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग के दौरे पर रहेंगे। दौरे के दृष्टिगत जिला प्रशासन कुल्लू ने यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी कुल्लू, अनुराग चन्द्र शर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 29 अप्रैल को वीवीआईपी आगमन/दौरे के दौरान पलचान पुल से अटल टनल रोहतांग (दक्षिण पोर्टल) की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध दोपहर 12 बजे तक अथवा दौरा समाप्त होने तक, जो भी बाद में हो, प्रभावी रहेगा।
इसके अतिरिक्त, पलचान पुल की ओर आने वाले सभी वाहनों को निर्धारित अवधि के दौरान गुलाबा की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, वशिष्ठ चौक से रोहतांग की ओर जाने वाले यातायात पर भी रोक रहेगी तथा वाहनों को वशिष्ठ क्षेत्र की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।
राष्ट्रपति दौरे के मद्देनज़र हवाई गतिविधियों व खुदाई कार्यों पर प्रतिबंध
कुल्लू, 25 अप्रैल : राष्ट्रपति के प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे के दृष्टिगत जिला प्रशासन कुल्लू द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आदेश जारी किए गए हैं। राष्ट्रपति का राज्य प्रवास 27 अप्रैल से 2 मई 2026 तक निर्धारित है, जिसके अंतर्गत 29 अप्रैल 2026 को अटल टनल रोहतांग का दौरा प्रस्तावित है।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी कुल्लू, अनुराग चन्द्र शर्मा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता -2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी आदेशों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके तहत ड्रोन/अनमैन्ड एरियल व्हीकल्स (UAVs), पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित अन्य सभी एरियल गतिविधियों का संचालन 28 से 29 अप्रैल 2026 तक, (29 अप्रैल को राष्ट्रपति का दौरा पूर्ण होने तक ) विशेषकर अटल टनल रोहतांग, राष्ट्रपति के प्रवास क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में, पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रपति के संभावित भ्रमण मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की खुदाई, उत्खनन अथवा ट्रेंचिंग कार्य पर भी पूर्ण रोक लगाई गई है। यह निर्णय भूमिगत दूरसंचार अवसंरचना की सुरक्षा तथा आवश्यक संचार सेवाओं के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं, ऑपरेटरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी आदेशों का कड़ाई से पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।














